हरदा टिमरनी। टिमरनी में नेशनल कबड्डी कोच अंकित जोशी के खिलाफ दर्ज छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले को लेकर जहां पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, वहीं अब कोच के समर्थन में उनकी प्रशिक्षित छात्राएं भी सामने आ गई हैं। मंगलवार को टिमरनी से बड़ी संख्या में कबड्डी खिलाड़ी छात्राएं हरदा स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की।
खिलाड़ी छात्राओं ने कहा कि किसी भी मामले में सच्चाई तक पहुंचने के लिए निष्पक्ष जांच सबसे जरूरी है। उनका कहना था कि जांच के बाद ही वास्तविक तथ्य सामने आएंगे, इसलिए पुलिस बिना किसी दबाव के पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करे।
गौरतलब है कि टिमरनी थाने में नेशनल कबड्डी कोच अंकित जोशी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद टिमरनी सहित आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। अंकित जोशी को भाजपा से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है और स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी इस मुद्दे को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
छात्राओं ने ज्ञापन में रखा अपना पक्ष
पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में छात्राओं ने अंकित जोशी के कार्यकाल और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल एक खिलाड़ी के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है बल्कि एक प्रशिक्षक के रूप में भी अनेक खिलाड़ियों का भविष्य संवारने का काम किया है।
ज्ञापन में बताया गया कि उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हरदा जिले और मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर सरकारी एवं अन्य सेवाओं में रोजगार भी प्राप्त कर चुके हैं।
छात्राओं ने यह भी कहा कि क्लब में वर्तमान में 50 से अधिक लड़कियां नियमित अभ्यास करती हैं और कोच द्वारा हमेशा खिलाड़ियों की सुरक्षा, सम्मान और अनुशासन को प्राथमिकता दी गई है।
अनुशासनात्मक कार्रवाई से जुड़ा लगाया आरोप
ज्ञापन में छात्राओं ने यह भी दावा किया कि अनुशासनहीनता के चलते एक छात्रा को क्लब से बाहर किया गया था, जिसके बाद वह आहत हो गई और राजनीतिक विरोधियों के प्रभाव में आकर शिकायत दर्ज कराई गई। हालांकि यह छात्राओं का पक्ष है और इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी सच्चाई
मामले में अब दो पक्ष सामने आने के बाद लोगों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं। एक ओर शिकायतकर्ता का पक्ष है तो दूसरी ओर कोच के समर्थन में खिलाड़ी छात्राएं खुलकर सामने आई हैं। ऐसे में पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
कबड्डी कोच के समर्थन में छात्राओं का प्रदर्शन, एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, बोलीं – निष्पक्ष जांच से सामने आएगी सच्चाई
