Wed. Jul 15th, 2026

खबर का असर : प्रशासन ने हटाया कॉलोनाइजर द्वारा किया गया अतिक्रमण

हरदा। नगर के छीपाबड़ क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 15 में कावेरी वेयरहाउस के समीप सरकारी नाले पर किए गए कथित अतिक्रमण को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और कॉलोनाइजर द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।

गौरतलब है कि क्षेत्र में एक कॉलोनाइजर द्वारा सरकारी नाले पर मिट्टी एवं पत्थर डालकर निर्माण कार्य किए जाने का मामला सामने आया था, जिससे वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 के करीब 100 से अधिक घरों पर बरसात के दौरान जलभराव का खतरा मंडरा रहा था। खबर प्रकाशित होने के बाद स्थानीय नागरिकों ने भी मामले को लेकर चिंता जताई थी। जिसकी शिकायत वार्ड पार्षद अनिल मालाकार ने भी की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि एवं जल निकासी मार्ग पर किए गए अवरोध को हटवा दिया। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि अब बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कदम उठाने से बड़ी समस्या टल गई है। वहीं प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि एवं जल निकासी मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Post