Wed. Jul 15th, 2026

खिरकिया में भंगार व्यवसायी द्वारा सड़क पर अतिक्रमण, आवागमन प्रभावित, 35 गांवों के लोगों को हो रही परेशानी,

35 गांवों के लोगों को हो रही परेशानी, वार्डवासियों ने एसडीएम को सौंपा आवेदन

हरदा खिरकिया। नगर क्षेत्र में बड़ी मस्जिद के पीछे सड़क पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने इस संबंध में एसडीएम को आवेदन सौंपकर समस्या का निराकरण करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार खिरकिया में एक भंगार व्यवसायी द्वारा सड़क किनारे और सड़क के हिस्से पर सामान रखे जाने के कारण मार्ग संकरा होने की शिकायत की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग 35 गांवों के लोगों का आना-जाना रहता है। ऐसे में सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से सामग्री रखे जाने से राहगीरों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
वार्डवासियों का कहना है कि कई बार सड़क पर जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
इस मामले को लेकर वार्डवासियों ने सामूहिक रूप से एसडीएम कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और मांग की कि सड़क से अतिक्रमण हटाकर आमजन को राहत दिलाई जाए। साथ ही प्रशासन से मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग की गई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी जल्द कार्रवाई करता है और आम नागरिकों को राहत मिलती है या नहीं। इस दोरान अनिल पाराशर सौरभ मीना अमन मीना शुभम मीना पवन अग्रवाल सहित अन्य लोग मोजूद थे।

Related Post