Wed. Oct 7th, 2026

हल्का क्रमांक 24 के किसानों को नहीं मिली खरीफ 2025 की फसल बीमा राशि, एसडीएम को सौंपा सामूहिक आवेदन

हरदा खिरकिया। तहसील सिराली के ग्राम कड़ोला राघौ सहित हल्का क्रमांक 24 के किसानों ने खरीफ वर्ष 2025 की फसल बीमा राशि दिलाने की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी एसडीएम रजनी वर्मा को सामूहिक आवेदन सौंपा। किसान जितेन्द्र सिंह सूरज सिह वीरेंद्र सिह ईश्वर सिंह अनूपसिंह ज्ञानसिंह रघुबीर सिंह नटवरसिंह भागवत सिंह दीपक सिंह संजय सिंह धीरज सिंह नर्मदा प्रसाद सहित अन्य ने बताया कि शासन के नियमानुसार उनके बैंक खातों से खरीफ 2025 की फसल बीमा प्रीमियम की राशि भी काटी गई थी, लेकिन आज तक उन्हें बीमा का मुआवजा प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन में किसानों ने उल्लेख किया कि वर्ष 2025 में अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी खरीफ फसल पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। फसल खराब होने के बावजूद हल्का क्रमांक 24 के किसानों को अब तक बीमा राशि नहीं मिलने से वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों का कहना है कि राहत राशि तो प्राप्त हुई, लेकिन फसल बीमा का भुगतान आज तक लंबित है। किसानों ने एसडीएम रजनी वर्मा से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर संबंधित बीमा कंपनी एवं कृषि विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र फसल बीमा राशि का भुगतान कराया जा सके। आवेदन में यह भी बताया गया कि हल्का क्रमांक 24 के सभी प्रभावित किसानों की स्थिति समान है और सभी लंबे समय से बीमा दावे के निपटारे का इंतजार कर रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से आग्रह किया कि उनकी समस्या का जल्द समाधान कर उन्हें न्याय दिलाया जाए, जिससे आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके।

Related Post