खिरकिया की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का मोर्चा
हरदा विधायक डॉ. दोगने का अल्टीमेटम—एक माह में समाधान नहीं हुआ तो होगा जनआंदोलन
खिरकिया। नगर एवं क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी खिरकिया ने सोमवार को हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने की उपस्थिति में प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण तत्काल शुरू कराने, यात्री बस किराए में हुई 60 प्रतिशत वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता समाप्त करने तथा सड़कों एवं पुलों की बदहाल स्थिति में सुधार सहित कई जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आमजन को साथ लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
रेलवे फाटक पर ROB निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष असलम पठान ने कहा कि खिरकिया रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान दिन में कई बार लंबे समय तक फाटक बंद रहता है। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। स्कूली बच्चों, मरीजों, एंबुलेंस, किसानों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कांग्रेस ने मांग की कि स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण बिना किसी और देरी के तत्काल प्रारंभ कराया जाए तथा निर्माण की समय-सीमा भी सार्वजनिक की जाए, ताकि नागरिकों को इस गंभीर समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए एस्केलेटरयुक्त FOB की मांग
रेलवे स्टेशन के समीप आम नागरिकों की सुविधा के लिए एस्केलेटर अथवा सुगम रैंपयुक्त फुट ओवरब्रिज (FOB) बनाए जाने की मांग भी ज्ञापन में की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फुट ओवरब्रिज में सुगम आवागमन की व्यवस्था जरूरी है।
60 प्रतिशत बढ़ा बस किराया वापस लेने की मांग
ज्ञापन में सामान्य यात्री बसों के किराए में हुई 60 प्रतिशत वृद्धि को जनविरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि किसान, मजदूर, विद्यार्थी और रोजाना आवागमन करने वाले नागरिक निजी यात्री बसों पर निर्भर हैं। किराए में इतनी बड़ी वृद्धि से आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर उपभोक्ताओं पर बनाए जा रहे कथित दबाव की निष्पक्ष जांच कराने की मांग कांग्रेस ने की। साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद विद्युत बिलों में अचानक वृद्धि की शिकायतों की तकनीकी एवं उच्चस्तरीय जांच तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने की मांग रखी गई।
राज्य मार्ग क्रमांक-15 के पैचवर्क की गुणवत्ता पर सवाल
पोखरनी से हरदा तक राज्य मार्ग क्रमांक-15 पर कराए गए मरम्मत एवं पैचवर्क कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग की। ज्ञापन में कार्य की स्वीकृत राशि, कार्यादेश, निर्माण गुणवत्ता और संबंधित ठेकेदार की भूमिका की जांच कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस ने सड़क का गुणवत्तापूर्ण सुधार एवं आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कराने की भी मांग रखी।
मादला-मुहाल नदी के पुलों की सुरक्षा पर चिंता
मादला एवं मुहाल नदी पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलों की तत्काल मरम्मत और मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाए जाने की मांग भी कांग्रेस ने की। नेताओं ने कहा कि पुलों की खराब स्थिति तथा सुरक्षा रेलिंग के अभाव में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
कांग्रेस ने दोनों पुलों का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने की मांग की।
विधायक डॉ. दोगने बोले—एक माह में समाधान नहीं तो सड़क पर उतरेंगे
हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने कहा कि खिरकिया क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी होगी। रेलवे ओवरब्रिज, यात्री बस किराए में वृद्धि, स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की शिकायतें, राज्य मार्ग क्रमांक-15 की बदहाल स्थिति तथा मादला-मुहाल नदी के पुलों की सुरक्षा जैसे मुद्दे सीधे आमजन के जीवन से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को एक माह का समय दिया जा रहा है। इस अवधि में यदि संबंधित विभागों द्वारा ठोस एवं सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आमजन के साथ लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
डॉ. दोगने ने चेतावनी देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विद्युत कार्यालय का घेराव, चक्काजाम सहित अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रम भी किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी अधिकारी या विभाग का विरोध करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान कराना है।
उन्होंने कहा कि यदि एक माह बाद भी समस्याएं जस की तस रहीं तो कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
असलम पठान बोले—जनता की समस्याओं पर गंभीरता दिखाए प्रशासन
शहर कांग्रेस अध्यक्ष असलम पठान ने कहा कि यह किसी राजनीतिक स्वार्थ का विषय नहीं, बल्कि आम जनता की मूलभूत समस्याओं से जुड़ा मामला है। प्रशासन को समय रहते इन समस्याओं का निराकरण करना चाहिए। यदि समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई गई तो कांग्रेस जनता के साथ सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने प्रशासन और संबंधित विभागों से सभी मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई कर खिरकिया क्षेत्र की जनता को राहत प्रदान करने की मांग की।
