Wed. Oct 7th, 2026

डॉग स्क्वाड के साथ चला विशेष सर्चिंग अभियान, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर

स्वतंत्रता दिवस से पहले छीपाबड़ पुलिस अलर्ट, होटल-लॉज और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग

डॉग स्क्वाड के साथ चला विशेष सर्चिंग अभियान, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर

हरदा छीपाबड़। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर छीपाबड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। 15 अगस्त के आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल रोक लगाने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग एवं सर्चिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक शशांक एवं अनुभागीय अधिकारी खिरकिया के निर्देशन में थाना प्रभारी छीपाबड़ के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहर के होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच की।

होटल-लॉज में खंगाले रजिस्टर

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने होटल एवं लॉज में ठहरे लोगों की जानकारी जुटाई तथा संबंधित रजिस्टरों की जांच की। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की भी बारीकी से पड़ताल की। संचालकों को भी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और सामान की जांच

रेलवे स्टेशन परिसर में भी पुलिस ने विशेष निगरानी रखी। आने-जाने वाले यात्रियों एवं उनके सामान की सुरक्षा की दृष्टि से जांच की गई। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग क्षेत्र सहित स्टेशन परिसर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का पुलिस टीम ने निरीक्षण किया।

डॉग स्क्वाड ने की सघन सर्चिंग

सुरक्षा अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए छीपाबड़ पुलिस ने डॉग स्क्वाड को भी अभियान में शामिल किया। प्रशिक्षित डॉग द्वारा होटल-लॉज, रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई।

स्वतंत्रता दिवस तक जारी रहेगी निगरानी

पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

Related Post