चौकी करताना क्षेत्र में गृहभेदन की वारदात का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
₹1.20 लाख के चांदी के आभूषण बरामद, पुलिस की तत्परता से चोरी का मामला सुलझा
हरदा । 23 अगस्त 2026। चौकी करताना क्षेत्र के ग्राम गोगिया में हुई गृहभेदन एवं चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के कंदौरे एवं पायल, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹1.20 लाख है, बरामद कर विधिवत जब्त किए हैं।जानकारी के अनुसार ग्राम गोगिया निवासी रामविलास ओसले पिता रामगोपाल ओसले, उम्र 55 वर्ष, अपनी पत्नी सावित्री बाई के साथ मजदूरी का कार्य करते हैं। उनके बच्चे बाहर निवास करते हैं। फरियादी ने पुलिस को बताया कि घर में रखी लोहे की बिस्तर पेटी में एक छोटे बैग के अंदर चांदी की एक जोड़ी पायल एवं चांदी का कंदौरा रखा हुआ था। फरियादी ने इन आभूषणों को 1 अगस्त को देखा था। 21 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे बिस्तर पेटी खोलकर देखने पर आभूषणों वाला बैग गायब मिला।फरियादी की रिपोर्ट पर चौकी करताना में देहाती नालसी लेख कर थाना टिमरनी में अपराध क्रमांक 488/2026, धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तत्काल शुरू की जांच
घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया के निर्देशन में चौकी प्रभारी करताना उपनिरीक्षक प्रकाश सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी एवं पारंपरिक पुलिस विवेचना के आधार पर संदेहियों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान ग्राम गोगिया निवासी दुर्गाप्रसाद उर्फ दुर्गेश पिता गणेश साकल्ले, उम्र 26 वर्ष को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए फरियादी के घर से चांदी का कंदौरा एवं पायल चोरी करना बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह भी बताया कि उसने करीब 20 से 25 दिन पूर्व उक्त आभूषण चोरी किए थे।
चोरी का पूरा मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया चांदी का कंदौरा एवं पायल, कुल अनुमानित कीमत ₹1,20,000, बरामद कर विधिवत जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय टिमरनी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की वारदात को लेकर लोगों में राहत का माहौल है। महज 24 घंटे में मामले का खुलासा कर चोरी का मशरूका बरामद करना पुलिस की सक्रियता और प्रभावी विवेचना को दर्शाता है।
इनकी रही विशेष भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मुकेश गौड़, उपनिरीक्षक प्रकाश सोलंकी, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक लोकेश यादव, प्रधान आरक्षक राजा बकोरिया, प्रधान आरक्षक योगेश पटेल, सैनिक रूपसिंह राजपूत एवं सैनिक राहुल कुमार की विशेष भूमिका रही।
