घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने पर मिलेगा ₹20 हजार का इनाम, थाना प्रभारी ने राहगीर योजना की दी जानकारी
हरदा खिरकिया। आगामी रक्षाबंधन एवं भुजरिया पर्व मुस्लिम समुदाय पर्व को लेकर थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में थाना प्रभारी संतोष चौहान ने शासन की राहगीर योजना की जानकारी देते हुए आमजन से सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करने की अपील की। थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को यदि कोई राहगीर तत्काल अस्पताल पहुंचाता है, तो शासन की योजना के अंतर्गत उसे ₹20 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति की मदद करने में लोग आगे आएं और समय गंवाए बिना उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को अस्पताल में केवल अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करवाना होगा। घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति से पुलिस द्वारा किसी प्रकार की अनावश्यक पूछताछ नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को पुलिस कार्रवाई के डर से घायल व्यक्ति की मदद करने से पीछे नहीं हटना चाहिए।थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बचाई जा सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक मानवीय संवेदना के साथ आगे आए और जरूरतमंद की मदद करे। बैठक में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकारों सहित नगर के नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भी चर्चा की गई।
