खिरकिया चारुवा। हरदा जिले की खिड़कियाँ तहसील के अंतर्गत भगवान गुप्तेश्वर की नगरी चारूवा क्षेत्र के प्रसिद्ध मेले में इस बार भी भारी भीड़ उमड़ी। मेले का मुख्य आकर्षण बने रंग-बिरंगे झूले, जिनका बच्चों से लेकर बड़ों तक ने जमकर लुत्फ उठाया। मेला संचालक गोलू भाई ने बताया कि मेले में लगे बड़े झूले, ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस और नाव झूले पर दिनभर लोगों की लंबी कतारें लग रही है जैसे ही झूले आसमान की ओर उठते, लोगों की खुशियों भरी चीखें पूरे मेले में गूंज उठतीं। बच्चों के चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था, वहीं युवा मित्रों के साथ झूलों का आनंद लेते नजर आए।
शाम ढलते ही रोशनी से सजे झूले और भी आकर्षक दिखाई देने लगे। रंगीन लाइटों और मधुर संगीत ने मेले के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। परिवारों ने झूलों के साथ-साथ चाट-पकौड़ी और मिठाइयों का भी स्वाद लिया।
स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे लोग बेफिक्र होकर मेले का आनंद उठा सके।
चारुवा मेले में झूलों की रौनक ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचल के ये मेले आज भी लोगों के लिए खुशी और मनोरंजन का बड़ा जरिया हैं।
चारुवा मेले में झूलों का आनंद लेते लोग
