हरदा खिरकिया। ग्राम पंचायत कुड़ावा में आयोजित ग्रामसभा की बैठक में जनप्रतिनिधियों की उदासीनता खुलकर सामने आई। पंचायत में कुल 17 पंच होने के बावजूद बैठक में मात्र 3 पंच ही उपस्थित रहे। बाकी 14 पंच बैठक से नदारद रहे, जिससे ग्रामसभा की कार्यवाही प्रभावित हुई। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सचिव रामचंद्र तोमर द्वारा सभी पंचों को पूर्व में ही बैठक की लिखित सूचना भेज दी गई थी। इसके बावजूद अधिकांश पंच बैठक में शामिल नहीं हुए। बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, लंबित प्रस्तावों पर चर्चा तथा आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर विचार किया जाना था, लेकिन अपेक्षित संख्या में जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति के कारण कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई और कहा कि ग्रामसभा गांव के विकास का प्रमुख मंच है। यदि पंच ही बैठक में उपस्थित नहीं रहेंगे तो विकास कार्यों की गति प्रभावित होगी। ग्रामीणों ने अनुपस्थित पंचों से जवाबदेही तय करने की मांग की है। ग्राम पंचायत सचिव ने बताया कि बैठक की सूचना नियमानुसार समय पर सभी पंचों को भेजी गई थी। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ग्रामसभा में कम उपस्थिति को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्राम पंचायत कुड़ावा में ग्रामसभा की बैठक, 17 में से सिर्फ 3 पंच पहुंचे
