Fri. May 15th, 2026

स्वच्छता सर्वेक्षण निरीक्षण के लिए संयुक्त संचालक का खिरकिया दौरा, नगर विकास कार्यों को लेकर दिए आश्वासन नगर परिषद अध्यक्ष ने संयुक्त संचालक के समक्ष नगर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे रखे

हरदा खिरकिया। नगर में स्वच्छता व्यवस्था एवं विकास कार्यों का जायजा लेने हेतु कल दिनांक 10 अप्रैल 2026 को नगरी प्रशासन एवं आवास विभाग, भोपाल संभाग के संयुक्त संचालक सुरेश कुमार बेलिया का खिरकिया आगमन हुआ। उनके दौरे को लेकर नगर परिषद में विशेष तैयारी देखी गई और अधिकारियों द्वारा विभिन्न व्यवस्थाओं का प्रस्तुतिकरण किया गया। नगर में आगमन पर स्थानीय विश्राम गृह में नगर परिषद अध्यक्ष  इंद्रजीत महेंद्र सिंह खनूजा एवं उपयंत्री विष्णु यादव द्वारा संयुक्त संचालक श्री बेलिया का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान नगर के विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे। संयुक्त संचालक श्री बेलिया ने स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, डोर-टू-डोर कलेक्शन, नालियों की स्थिति एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता में और अधिक सुधार लाने तथा नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के पश्चात नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रजीत खनूजा ने संयुक्त संचालक के समक्ष नगर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे रखे। उन्होंने खिरकिया में नए बस स्टैंड के निर्माण, गीता भवन के उन्नयन तथा नगरीय निकाय के नवीन कार्यालय भवन की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। इन प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए श्री बेलिया ने आवश्यक सहयोग शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने नगर में चल रही विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की। संयुक्त संचालक ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। संयुक्त संचालक के इस दौरे से नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ-साथ विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी इस दौरे को सकारात्मक कदम बताया।

Related Post