Fri. May 15th, 2026

रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा: चलती ट्रेन से गिरने पर युवक का हाथ कटा, गंभीर हालत में अस्पताल रेफर

खिरकिया/छीपाबड़। थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक हाथ कटकर अलग हो गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान को सूचना मिली, जिस पर तत्काल तस्दीक की गई। घटना रेलवे ट्रैक के खंभा नंबर 644 के पास की बताई जा रही है। घायल व्यक्ति की पहचान गुरजंट सिंह पिता रचना राम निवासी ग्राम मधेली, थाना श्यामबाग, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में हुई है।
बताया गया कि गुरजंट सिंह अपने जीजा निर्मल सिंह और भांजे मनीष कुमार के साथ अमरावती गेहूं काटने के लिए हार्वेस्टर से गया था। दिनांक 19 अप्रैल 2026 को वे सभी वापस अपने घर लौट रहे थे। अमरावती से बस द्वारा अकोला पहुंचे और वहां से नांदेड़–गंगापुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए।
यात्रा के दौरान गुरजंट सिंह ट्रेन के गेट पर बैठा हुआ था। इसी दौरान खिड़किया स्टेशन से लगभग 2 किलोमीटर आगे अचानक गेट से गिर गया। गिरते समय उसका बायां हाथ ट्रैक किनारे पेड़ की टहनी से टकराकर कटकर अलग हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र मीणा, थाना छीपाबड़ डायल 112 टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों एवं परिजनों के सहयोग से घायल को तत्काल डायल 112 वाहन से प्राथमिक उपचार के लिए खिड़किया लाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल हरदा रेफर किया गया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यात्रियों से ट्रेन यात्रा के दौरान गेट पर न बैठने की अपील की है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Related Post