Fri. May 15th, 2026

स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में ओ.बी.सी. वर्ग हेतु पृथक विकल्प उपलब्ध कराया जाय :- हरदा विधायक डॉ. दोेगने

हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा भारत के प्रधानमंत्री, आयुक्त, रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, म.प्र. के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, आयुक्त, नर्मदापुरम संभाग एवं हरदा कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में ओ.बी.सी. वर्ग हेतु पृथक विकल्प उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई है।
हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा प्रेषित किए गए पत्र में लेख किया गया है कि वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा कराई जा रही स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया देशभर में संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य सटीक एवं पारदर्शी जनसंख्या आंकड़ों का संकलन करना है। किन्तु इस प्रक्रिया के अंतर्गत उपयोग किए जा रहे सॉफ्टवेयर/पोर्टल में सामाजिक वर्ग का विवरण दर्ज करने हेतु केवल अनुसूचित जाति (Sc) अनुसूचित जनजाति (St) एवं अन्य (Other) का ही विकल्प उपलब्ध है। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए पृथक विकल्प का अभाव है, जिससे ओबीसी वर्ग के नागरिकों की सटीक एवं स्पष्ट गणना संभव नहीं हो पा रही है। ओबीसी वर्ग देश की जनसंख्या का एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक हिस्सा है। अतः उनकी पृथक गणना का अभाव सामाजिक न्याय की अवधारणा एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रभावित कर सकता है। इस हेतु मैं मांग करता हँू कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर स्व-गणना सॉफ्टवेयर/पोर्टल में ओबीसी वर्ग के लिए पृथक विकल्प (Option) शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि इस वर्ग की सही एवं समुचित गणना सुनिश्चित हो सके एवं भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं का लाभ उचित रूप से प्राप्त हो सके।

Related Post