खिरकिया। नगर के डबल फाटक के समीप शुक्रवार को एक अज्ञात महिला की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना रेलवे ट्रैक के खंबा नंबर 637/33 के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला ट्रेन नंबर 04115 की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक महिला आसपास के क्षेत्र में मांगकर अपना जीवन यापन करती थी। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जीआरपी पुलिस के लक्ष्मीनारायण दमाडे ने बताया कि मृत महिला की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं तथा मामले की जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।