हरदा। जिले के माचक उपनहर टेल क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन मूंग फसल के लिए पानी नहीं मिलने से किसानों में भारी आक्रोश बना हुआ है। लगातार कई दिनों से किसान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं अब इस आंदोलन को लेकर करनी सेना भी खुलकर किसानों के समर्थन में उतर आई है।
करनी सेना जिलाध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत ने प्रशासन और सिंचाई विभाग को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि माचक उपनहर में जल्द पानी नहीं छोड़ा गया तो करनी सेना किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने कहा कि सारसूद, बावड़ियां, जूनापानी, पड़वा, तारापुर, पहेट और छीपाबड़ सहित टेल क्षेत्र के किसान पिछले कई दिनों से पानी की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं। मूंग की फसल सूखने की कगार पर पहुंच चुकी है और किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
सुनील सिंह राजपूत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जिलेभर के किसान और करनी सेना कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे तथा उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल नहर में पानी पहुंचाने और किसानों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
क्षेत्र में लगातार बढ़ते विरोध और संगठनों के समर्थन से आंदोलन अब बड़ा रूप लेता दिखाई दे रहा है। किसानों का कहना है कि समय रहते पानी नहीं मिला तो हजारों एकड़ में खड़ी मूंग की फसल पूरी तरह बर्बाद हो सकती है।
माचक उपनहर में पानी संकट पर गरजी करनी सेना किसानों के समर्थन में उतरी संगठन, प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
