महिला से चैन झपटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, ₹80 हजार का मशरूका बरामद
हरदा। शहर में महिला से सोने की चैन झपटने की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं सोने का पेंडल सहित करीब ₹80 हजार कीमत का मशरूका बरामद किया गया है।
दिनांक 02 जून 2026 को फरियादिया वर्षा यादव ने थाना कोतवाली हरदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह न्यू गुरुकृपा होटल के सामने से स्कूटी द्वारा अपने घर जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसके गले में पहनी सोने की चैन पर झपट्टा मारा। झपट्टे के दौरान चैन टूटकर नीचे गिर गई, जबकि चैन में लगा सोने का पेंडल आरोपियों के हाथ लग गया और वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक हरदा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने हरदा सहित अन्य जिलों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच में आरोपियों के नसरुल्लागंज क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने अस्मित उर्फ आशु पिता दिलीप साहू (22) निवासी ग्राम चकल्दी, हाल निवासी गुप्ता कॉलोनी भेरूंदा, जिला सीहोर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अस्मित ने अपने साथियों नंदलाल उर्फ नंदू पिता अशोक जारवाल (21) निवासी ग्राम जानसुर, जिला देवास तथा रोहित उर्फ रोहन पिता राजेश बिजोरिया (20) निवासी ग्राम जानसुर, जिला देवास के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन उन्होंने महिला को बच्चों के साथ स्कूटी पर जाते देखा और मौका पाकर चैन झपटने का प्रयास किया। इस दौरान पूरी चैन हाथ नहीं लगी और केवल सोने का पेंडल उनके हाथ आया।
जांच में यह भी सामने आया कि अस्मित उर्फ आशु दोनों आरोपियों को महिलाओं के गले से चैन एवं अन्य कीमती सामान झपटने के लिए उकसाता था तथा चोरी का माल बेचने और ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी स्वयं लेता था। घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी उसी ने उपलब्ध कराई थी।
पुलिस ने आरोपी नंदलाल के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अस्मित के कब्जे से सोने का पेंडल जब्त किया है। बरामद मशरूका में करीब ₹40 हजार कीमत का सोने का पेंडल एवं ₹40 हजार कीमत की मोटरसाइकिल शामिल है। कुल बरामदगी लगभग ₹80 हजार की बताई गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नंदलाल उर्फ नंदू एवं रोहित उर्फ रोहन के खिलाफ पूर्व में इंदौर और देवास जिलों में झपटमारी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्रकरण के सफल अनावरण में सउनि सुरेन्द्र श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक हरिप्रसाद पटेल, आरक्षक प्रदीप मालवीय, आरक्षक बीरेंद्र राजपूत तथा साइबर सेल के आरक्षक कमलेश सिंह परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
