हरदा। बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को रोकने तथा आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा “सैफ क्लिक 2.0” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
इस दौरान नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, बैंक खाते की जानकारी देने, सोशल मीडिया पर होने वाली ठगी और अज्ञात कॉल से सावधान रहने के लिए जागरूक किया गया। थाना प्रभारी मुकेश गोड ने बताया कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
अभियान के दौरान लोगों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं साइबर अपराध पोर्टल की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई जा सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सतर्क रहें, जागरूक रहें और दूसरों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, जिससे साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
सैफ क्लिक 2.0 अभियान: टिमरनी पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
