हरदा :- हरदा जिले में प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर शाम 05 बजे बुलाई गई जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों की अहम बैठक अंतिम समय में स्थगित हो गई क्योंकि प्रभारी मंत्री निजी कार्यक्रमों से सीधा भोपाल की ओर प्रस्थान कर गए।
इस पर हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने कड़ा रोष जताते हुए कहा कि सरकार जनता की “हृदय की समस्या” सुनना ही नहीं चाहती। मैं किसानों की गंभीर समस्याओं को लेकर प्रभारी मंत्री से मिलने आया था परंतु बड़े दुर्भाग्य की बात है कि प्रभारी मंत्री हरदा आए और उन्होंने पांच बजे का शाम 05 बजे का समय निर्धारित किया था, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मीटिंग करने का परंतु मंत्री जी एक निजी कार्यक्रम के बाद सीधा भोपाल चले गए और सर्किट हाउस में लोग इंतजार ही करते रह गए।
हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा यह भी कहा गया कि वह बैठक में हरदा जिले के किसानों को आवश्यकता अनुसार पर्याप्त मात्रा में खाद डीएपी यूरिया उपलब्ध नहीं होने एवं खाद वितरण व्यवस्था में आ रही समस्याओं के तत्काल निराकरण, हरदा जिले में किसानों की मूंग उपज के समर्थन मूल्य पर सुचारू एवं समयबद्ध खरीदी सुनिश्चित करने व हरदा जिले में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने के कारण लंबित महत्वपूर्ण विकास एवं सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की समस्या को लेकर प्रभारी मंत्री से मिलने गए थे परंतु मंत्री जी बैठक लिए बिना, क्षेत्र और किसानो की समस्या को सुने बिना ही भाग गए। इसका मतलब यह है कि वह हरदा की समस्या को सुनना नहीं चाहते इसलिए बगैर बताए यहां से चले गए। ये दुर्भाग्य है। प्रभारी मंत्री का बिना सूचना बैठक छोड़कर जाना सरकार की जनविरोधी कार्यशैली को दर्शाता है।
