पेट्रोल पंप के सामने कुर्सी लगाने को लेकर विवाद, मैनेजर पर अभद्रता के आरोप
पार्षद ने थाने पहुंचकर की शिकायत, कथित गाली-गलौज की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी; जांच की जिम्मेदारी एएसआई कड़क सिंह को
हरदा खिरकिया। नगर के वार्ड क्रमांक 11 निवासी एवं पार्षद सुरेंद्र आठनेरे ने 14 अगस्त 2026 को छीपाबड़ थाने पहुंचकर एक पेट्रोल पंप के मैनेजर के खिलाफ अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौज करने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार पेट्रोल पंप के सामने यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद मामला कथित रूप से गाली-गलौज तक पहुंच गया। शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।
सुबह से चल रहा था पाइप लाइन का काम, कुर्सियां लगाने पर हुआ विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक सुरेंद्र आठनेरे ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे अंबेडकर चौक के पास पेट्रोल पंप के सामने यात्रियों के बैठने के लिए कुछ कुर्सियां लगवा रहे थे। शिकायतकर्ता के अनुसार उस समय वह छीपाबड़ क्षेत्र में पाइप लाइन के कार्य में भी लगे हुए थे। शिकायत में बताया गया कि करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर पेट्रोल पंप के मैनेजर केसरीप्रसाद मिश्रा का फोन आया। शिकायतकर्ता के अनुसार फोन पर मैनेजर ने पेट्रोल पंप के सामने कुर्सियां लगाने को लेकर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और मामला कथित रूप से विवाद में बदल गया।
कथित गाली-गलौज से नाराज हुए शिकायतकर्ता
शिकायतकर्ता सुरेंद्र आठनेरे का आरोप है कि मैनेजर ने फोन पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और कथित रूप से गाली-गलौज की। शिकायत में कहा गया है कि उस समय उनके साथ खड़े प्रताप सिंह और राजेश मालाकार को भी कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्द कहे गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार घटना के बाद उन्होंने मामले की जानकारी ललित पाटीदार, विष्णु मोरी और मुन्ना वायकर को दी तथा कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सुनाई। इसके बाद वे घटना की शिकायत लेकर छीपाबड़ थाने पहुंचे।
ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी
शिकायतकर्ता ने पुलिस को कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराते हुए पूरे मामले की जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस के सामने शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता, ऑडियो रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता तथा घटना के दौरान मौजूद लोगों के बयानों की जांच करना महत्वपूर्ण होगा।
पुलिस दस्तावेज में मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसआई कड़क सिंह को सौंपी गई है। दस्तावेज में जांच अधिकारी का क्रमांक 248 दर्ज है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस के लिए ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच, मौके पर मौजूद लोगों के बयान तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को सामने लाना महत्वपूर्ण होगा।
अब नजर पुलिस जांच पर:
शिकायत दर्ज होने के बाद पूरे मामले में पुलिस की जांच पर नजर बनी हुई है। जांच में यदि आरोप सही साबित होते हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी, जबकि आरोपों की पुष्टि नहीं होने की स्थिति में वास्तविक तथ्य भी सामने आएंगे। फिलहाल मामला शिकायत, कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग और पुलिस जांच के बीच है।
इनका कहना
पार्षद सुरेंद्र आठनेरे की शिकायत पर से मामला दर्ज किया जा चुका है, आगे की जांच जारी है।
कडकसिंह करोची, एएसआई थाना छीपाबड़
पार्षद आए दिन सुबह 5:00 बजे दो से चार लोगों को लाकर पेट्रोल पंप पॉइंट के साइड में बैठता है और कमेंट करते रहता रहता है, नगर परिषद से कोई प्रस्ताव नहीं है रोड पर यात्री प्रतीक्षालय बनाने का अभी वर्तमान में, इसके बावजूद भी पार्षद मुझे यात्री प्रतीक्षालय को लेकर धमकी देता है और बार-बार फोन लगता है, आज सुबह डीजल उधार लेने आया था मैंने उधार देने से मना किया तो पार्षद द्वारा मुझे उकसाया गया।
केसरी प्रसाद मिश्रा, पेट्रोल पंप मैनेजर छीपावड़
