खिरकिया में ट्रेनों के स्टॉपेज और नई रेल सेवा की मांग
नगर विकास समिति ने केंद्रीय मंत्री सहित भाजपा नेताओं से की पहल की अपील
खिरकिया। खिरकिया नगर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर नगर विकास समिति खिरकिया ने केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। समिति ने क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने तथा यात्रियों को जयपुर, अहमदाबाद, आसनसोल, काचीगुड़ा, भगत की कोठी एवं बनारस सहित प्रमुख शहरों तक बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी है। समिति की ओर से कहा गया है कि ट्रेन क्रमांक 17020 का खिरकिया में स्टॉपेज है, जिससे यात्रियों को जयपुर जाने की सुविधा मिलती है, लेकिन जयपुर से वापसी के लिए संचालित ट्रेन क्रमांक 17019 का खिरकिया में स्टॉपेज नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में 17019 ट्रेन का भी खिरकिया स्टेशन पर ठहराव किए जाने की मांग की गई है।
चार प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
नगर विकास समिति ने खिरकिया रेलवे स्टेशन पर अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की है। समिति ने मांग रखी है कि
1. ट्रेन क्रमांक 17019 का जयपुर से वापसी के दौरान खिरकिया में स्टॉपेज किया जाए।
2. ट्रेन क्रमांक 19435/36 अहमदाबाद–आसनसोल–अहमदाबाद का खिरकिया में ठहराव किया जाए।
3. ट्रेन क्रमांक 17605/06 काचीगुड़ा–भगत की कोठी–काचीगुड़ा का भी खिरकिया स्टेशन पर स्टॉपेज दिया जाए।
4. ट्रेन क्रमांक 22589/90 बनारस–हड़पसर–बनारस का खिरकिया में ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
समिति का कहना है कि खिरकिया क्षेत्र कृषि प्रधान होने के साथ-साथ तेजी से विकसित हो रहा है। यहां से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, व्यापारी, किसान, नौकरीपेशा लोग एवं आम नागरिक विभिन्न शहरों में आवागमन करते हैं। पर्याप्त ट्रेनों के ठहराव के अभाव में यात्रियों को आसपास के बड़े रेलवे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
ओंकारेश्वर–इटारसी–नागपुर रेल सेवा शुरू करने की मांग
नगर विकास समिति ने क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण नई रेल सेवा शुरू किए जाने की मांग भी रखी है। समिति ने ओंकारेश्वर सनावद इटारसी नागपुर अथवाभुसावल इटारसी नागपुर के बीच पूर्व में संचालित रेल सेवा को पुनः प्रारंभ करने की मांग की है। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि इस रेल सेवा के शुरू होने से खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा सहित आसपास के विस्तृत क्षेत्र के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से नागपुर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए यह रेल सेवा अत्यंत उपयोगी साबित हो सकती है।
कई लोकसभा क्षेत्रों के नागरिकों को मिलेगा लाभ
समिति के अनुसार प्रस्तावित रेल सेवा का लाभ केवल खिरकिया या हरदा जिले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे समूचे बैतूल लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ खंडवा, नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के नागरिक भी लाभान्वित होंगे। नागपुर शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में इन क्षेत्रों को नागपुर से बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने से हजारों यात्रियों को राहत मिल सकती है।समिति ने जनहित को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रेल मंत्रालय एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष इन मांगों को प्रभावी रूप से रखने तथा खिरकिया स्टेशन पर प्रस्तावित ट्रेनों के स्टॉपेज एवं नई रेल सेवा के संचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने की अपील की है।
जनहित से जुड़ी मांगों को प्राथमिकता देने की अपील
नगर विकास समिति ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, विद्यार्थियों एवं नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और मरीजों को बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। समिति ने जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि वे इस विषय को केंद्र एवं रेलवे के उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाकर खिरकिया क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधाएं दिलाने में सहयोग करें। नगर विकास समिति खिरकिया की ओर से ज्ञापन मांग पत्र में अध्यक्ष अनिल दरबार, प्रवक्ता महेंद्र सिंह खनूजा एवं सचिव राजेश मेहता ने क्षेत्र की जनता की ओर से इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
