Wed. Oct 7th, 2026

अवैध कच्ची शराब के खिलाफ टिमरनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अवैध कच्ची शराब के खिलाफ टिमरनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

61 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, 80 हजार रुपए की पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त

हरदा टिमरनी। अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत टिमरनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 61 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब परिवहन में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP47 ZE 3289 भी जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 12,200 रुपए, जबकि मोटरसाइकिल की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छिदगांव मेल की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर कच्ची शराब लेकर टिमरनी की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने टिमरनी बायपास नहर के पास घेराबंदी की। इसी दौरान छिदगांव रोड की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर केन बांधकर आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नितेश पिता हीरालाल कहार, उम्र 25 वर्ष, निवासी पिपल्या कलां बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रस्सी से बंधी एक 45 लीटर क्षमता की काले रंग की केन तथा 15-15 लीटर क्षमता की दो पीली कुप्पियां मिलीं। पुलिस द्वारा जांच करने पर तीनों में कच्ची शराब भरी होना पाया गया।

पुलिस ने मौके पर पंचों के समक्ष कुल 61 लीटर कच्ची शराब, जिसकी कीमत करीब 12,200 रुपए, तथा पल्सर मोटरसाइकिल कीमत करीब 80,000 रुपए विधिवत जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 497/26 दर्ज कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

अवैध शराब के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़, प्रधान आरक्षक 331 नवीन, प्रधान आरक्षक 352 विजय, आरक्षक 178 अभिलेष, आरक्षक 291 अर्जुन, आरक्षक 359 जगमोहन एवं आरक्षक 363 शैलेन्द्र की सक्रिय भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।

Related Post