हरदा। गुप्तेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर दर्शन कर लौट रहे तीन युवकों की बाइक को एक अज्ञात ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना चारुवा नवोदय रोड पुलिया के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ऑटो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिरकिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मुहालकला निवासी पवन कनारे पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई। दोनों घायलों का उपचार जारी है। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। छीपाबड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है। महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर हुए इस हादसे से मृतक के परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
