खिरकिया। होली फाग पर्व के पावन अवसर पर बाबा श्याम के भव्य कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। समर्पण भाग-6 के अंतर्गत यह भक्ति संध्या 7 मार्च को शाम 6:30 बजे से प्रभु इच्छा तक आयोजित होगी। कार्यक्रम का आयोजन बाड़ी मैदान, बालाजी मंदिर के पीछे किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस भव्य कीर्तन में देश के विभिन्न शहरों से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक बाबा श्याम के सुंदर-सुंदर भजनों की प्रस्तुति देंगे। कोलकाता से कृष्णा अग्रवाल और नीतेश शर्मा ‘गोलू’, सूरत से प्रदीप गोयल तथा इंदौर से सागर राठौड़ अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान बाबा श्याम की जोत प्रज्वलित की जाएगी तथा भक्तगण भजनों और कीर्तन के माध्यम से बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे। आयोजकों के अनुसार कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से इस भव्य कीर्तन में उपस्थित होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है। कार्यक्रम का आयोजन “करने वाला श्याम, कराने वाला श्याम” की भावना से बालक श्याम के द्वारा किया जा रहा है।
खिरकिया में होली फाग पर्व पर बाबा श्याम का भव्य कीर्तन 7 मार्च को
