हरदा खिरकिया । जनपद पंचायत कार्यालय में इन दिनों मुख्यमंत्री विवाह सम्मेलन को लेकर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दिन मंगलवार को पोर्टल बंद होने के कारण विवाह के लिए पंजीयन कराने आए जोड़ों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और उनके अभिभावक जनपद कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन ऑनलाइन प्रक्रिया ठप होने से उनका काम नहीं हो पा रहा है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विवाह सम्मेलन योजना के तहत विवाह के इच्छुक जोड़ों का पंजीयन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि दिन मंगलवार को सुबह से दोपहर तक सिर्फ 15.20 फॉर्म ही अपलोड हुए जिसके बाद पोर्टल तकनीकी कारणों के चलते बंद हो गया जिससे आवेदकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और कार्यालय में अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। पंजीयन के लिए आए लोगों ने बताया कि वे दूर-दराज के गांवों से यहां पहुंचे हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे समय और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान हो रहा है। वहीं जनपद पंचायत के अधिकारियों का कहना है कि पोर्टल में आगे से तकनीकी समस्या आई है, जैसे ही पोर्टल चालू होगा, सभी लंबित आवेदनों का पंजीयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पोर्टल शुरू किया जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवाह सम्मेलन का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिल सके।
