हरदा टिमरनी। छीदगांवमेल स्थित गौमाता के साथ क्रूरता की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने पहले एक गौशाला आश्रम से मवेशियों की चोरी की और फिर उन्हें रेलवे पटरी पर बांध दिया, जिससे गुजरती ट्रेन की चपेट में आने से सात गौमाताओं की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। सुबह जब स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास मवेशियों के शव देखे तो तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति का जायजा लिया और शवों को हटवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी मवेशी पास के एक आश्रम से चोरी किए गए थे। इसके बाद बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से उन्हें रेलवे पटरी पर बांध दिया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे किसी शरारती या असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और कड़ी नाराजगी जताई। संगठनों ने इस घटना को गौहत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरना प्रदर्शन कर जताया आक्रोश
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने शहर में धरना प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
थाना प्रभारी मुकेश गोड, एसडीओपी एसडीएम संजीव कुमार नागू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
