खिरकिया। माहेश्वरी समाज खिरकिया में नवीन कार्यकारिणी के गठन के बाद सामाजिक गतिविधियों को और अधिक गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। समाज के अध्यक्ष पूनमचंद सोनी द्वारा ग्यारह सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन करते हुए समाज के सक्रिय और अनुभवी लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवगठित कार्यकारिणी में पूर्व अध्यक्ष बंकटलाल तोषनीवाल, विजय सोमानी, अशोक मूंदड़ा, संतोष मूंदड़ा, मुरलीधर मालू, दीपक टावरी, पंकज धूपड, गिरिराज माहेश्वरी, विवेक मूंदड़ा, नीलेश तापड़िया एवं गोपाल मालू को सदस्य बनाया गया है। इसी क्रम में समाज की एकता और समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से समाज के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष, समाजसेवी पुरषोत्तम कोठारी को सर्वसम्मति से संरक्षक नियुक्त किया गया। श्री कोठारी लंबे समय से सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और अपने सरल, सहज एवं मिलनसार व्यक्तित्व के कारण समाज में विशेष पहचान रखते हैं। समाज की बैठक के दौरान पूर्व अध्यक्ष मुरली बाऊजी द्वारा श्री कोठारी के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसका उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने समर्थन किया। इसके पश्चात जिला सभा अध्यक्ष विजय सोमानी एवं समाज अध्यक्ष पूनमचंद सोनी ने उन्हें माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्यामसुंदर मुंदड़ा, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीकांत हेड़ा, सह सचिव रितेश मूंदड़ा, प्रचार मंत्री आनंद दरगड़, सांस्कृतिक मंत्री श्याम तापड़िया सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्री कोठारी की नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खिरकिया समाज का प्रतिनिधित्व जिला एवं प्रदेश स्तर पर सुनिश्चित करने के लिए कार्यकारिणी से पंकज धूपड, गिरिराज माहेश्वरी एवं नीलेश तापड़िया के नाम जिला सभा को भेजे जाएंगे। आगामी समय में जिला एवं प्रदेश स्तर पर चुनाव प्रस्तावित हैं, जिनमें ये सदस्य समाज का प्रतिनिधित्व करेंगे। माहेश्वरी समाज द्वारा लिया गया यह निर्णय संगठन की मजबूती और सामाजिक एकता को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
अनुभव और सेवा का सम्मान: पुरषोत्तम कोठारी माहेश्वरी समाज खिरकिया के संरक्षक नियुक्त
