खिरकिया । सोमवार को नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में अचानक मौसम ने करवट ली। तेज बारिश, आंधी और तूफान के कारण विद्युत व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई, जिससे नगर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते विद्युत लाइनों पर तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई, जिसके कारण लोगों को कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। बिजली विभाग के अधिकारी प्रदीप डोले के निर्देशन में विभागीय टीम ने युद्धस्तर पर सुधार कार्य प्रारंभ किया। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद कर्मचारियों ने मैदान में उतरकर विद्युत लाइनों की जांच की तथा फॉल्ट ढूंढने का कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार 33 केवी हेडर एवं 11 केवी लाइन में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए विभाग की टीम लगातार सक्रिय रही। इस दौरान लाइनमैन इमरान खान ने विशेष जिम्मेदारी निभाते हुए मौके पर पहुंचकर विद्युत लाइन में आए फॉल्ट को खोजा और सुधार कार्य को तेजी से अंजाम दिया। उनकी तत्परता और मेहनत के चलते प्रभावित क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम समय में बिजली आपूर्ति पुनः शुरू कर दी गई।
स्थानीय नागरिकों ने भी बिजली विभाग की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि खराब मौसम के बावजूद कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर बिजली व्यवस्था बहाल की, जिससे लोगों को लंबे समय तक अंधेरे और परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं और खराब मौसम के दौरान विद्युत लाइनों पर पेड़ गिरने, तार टूटने एवं अन्य तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं, लेकिन विभाग की टीम ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहती है। भविष्य में भी उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत रहेगा।
नागरिकों ने जताया आभार
नगरवासियों ने बिजली विभाग अधिकारी प्रदीप डोले, लाइनमैन इमरान खान एवं पूरी विद्युत टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि विभाग समय पर सक्रिय नहीं होता तो लंबे समय तक बिजली बंद रहने से आमजन, व्यापारियों एवं विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। विभाग की त्वरित कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि आपात परिस्थितियों में भी टीम पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य कर रही है।
बिजली संकट के बीच बिजली विभाग की तत्परता, आंधी-तूफान के बाद कुछ ही घंटों में बहाल हुई आपूर्ति प्रदीप डोले के निर्देशन में टीम ने संभाला मोर्चा, लाइनमैन इमरान खान की मेहनत से 33 केवी और 11 केवी फीडर हुए चालू
