खिरकिया छीपाबड़। अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छीपाबड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथ भट्टी से निर्मित 60 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा तथा एसडीओपी रॉबर्ट गिरवाल के मार्गदर्शन में थाना छीपाबड़ पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह चौहान को 5 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चारूवा निवासी रामचंद्र भुसारे अवैध कच्ची महुआ शराब लेकर चारूवा रोड की ओर खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने चारूवा रोड स्थित नहर के पास दबिश दी, जहां मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति चार प्लास्टिक की कुप्पियों के साथ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम रामचंद्र पिता मोतीराम भुसारे (58 वर्ष), निवासी ग्राम चारूवा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चार प्लास्टिक की कुप्पियों में रखी हाथ भट्टी से बनी अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। प्रत्येक कुप्पी में 15-15 लीटर शराब भरी हुई थी, इस प्रकार कुल 60 लीटर शराब जब्त की गई।
पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना छीपाबड़ में अपराध क्रमांक 283/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह चौहान, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र सिंह भदौरिया, प्रधान आरक्षक सईद खान, शांतिलाल कुमरे, आरक्षक सौरभ सिंह राजपूत, उदयभान गुर्जर, चालक आरक्षक हेमूलाल जमरे, आरक्षक हीरालाल सोंलकी, आशीष खादीकर एवं उदयसिंह सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छीपाबड़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छीपाबड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लीटर अवैध महुआ शराब सहित आरोपी गिरफ्तार
