Wed. Oct 7th, 2026

पटवारियों की न्यायोचित मांगों का समर्थन कर हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा सरकार से की गई शीघ्र समाधान की मांग

हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने स्थानीय कृषि उपज मंडी, हरदा पहुंचकर मध्य प्रदेश पटवारी संघ, जिला हरदा द्वारा अपनी विभिन्न न्यायोचित मांगों को लेकर जारी कलमबंद अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल पटवारी कर्मचारियों से मुलाकात की तथा उन्हें अपना समर्थन प्रदान किया।

इस दौरान विधायक डॉ. दोगने ने पटवारी संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पटवारी राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी न्यायोचित मांगों का समयबद्ध एवं सकारात्मक निराकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कर्मचारियों को अपनी मांगें शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से रखने का अधिकार है। सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए संवाद के माध्यम से शीघ्र समाधान निकालना चाहिए, ताकि राजस्व कार्य प्रभावित न हों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

हरदा विधायक डॉ. दोगने ने आश्वस्त किया कि पटवारी संघ की न्यायसंगत मांगों को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने हड़ताली पटवारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके शांतिपूर्ण आंदोलन की सराहना की और सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त की।

Related Post