Wed. Oct 7th, 2026

छीपाबड़ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई टोल टैक्स पर चला विशेष वाहन चेकिंग अभियान, काली फिल्म, हूटर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाली गाड़ियों पर कार्रवाई

हरदा खिरकिया। पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशानुसार जिलेभर में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को छीपाबड़ थाना क्षेत्र के टोल टैक्स के पास व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी संतोष चौहान ने पुलिस बल के साथ किया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने चार पहिया एवं अन्य वाहनों की गहन जांच की। जिन वाहनों की खिड़कियों पर नियमों के विरुद्ध काली फिल्म लगी हुई थी, उन्हें मौके पर ही हटवाया गया। थाना प्रभारी संतोष चौहान ने स्वयं कई वाहनों से काली फिल्म निकलवाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
इसके अलावा हूटर, फ्लैशर लाइट, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा नंबर प्लेट पर नाम, पदनाम या अन्य शब्द लिखकर चलाए जा रहे वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान बनाए गए और भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आम नागरिकों की सुरक्षा तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे अपने वाहनों में अनधिकृत हूटर, काली फिल्म, अवैध फ्लैशर लाइट या नियमों के विपरीत नंबर प्लेट का उपयोग न करें। ऐसा पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी संतोष चौहान ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है, बल्कि सड़क पर सभी लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान बनाना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
इस विशेष अभियान के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालकों की जांच की गई तथा कई वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Related Post