हरदा खिरकिया। हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को खिरकिया भाजपा मंडल द्वारा नगर में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा की शुरूआत नगर के कुड़ावा रोड स्थित गौमुख मंदिर प्रांगण से हुई। डीजे पर देशभक्ति गीतों के साथ निकली तिरंगा वाहन यात्रा की अगुवाई भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय यादव ने की। वाहनों पर हाथों में तिरंगा झंडा लेकर भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में युवाओं में जोश एवं उत्साह देखने को मिला। तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम जैसे देशभक्ति गंगनचूंबी जयकारे लगाते हुए तिरंगा झंडा लहराया। जिससे समूचा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया। भाजपा की यह तिरंगा यात्रा गौमुख मंदिर से प्रारंभ होकर मंगलवारा बाजार से किल्लौद रोड, शनि मंदिर चौराहा, सिख मोहल्ला, नगर परिषद कार्यालय, गुरूद्वारा भवन, गांधी चौक, रेलवे गेट से पीपल चौराहा से मेन रोड होते हुए छीपाबड़ पहुंची। छीपाबड़ में तिरंगा यात्रा खंडवा रोड, कालधड़ रोड, भारती बाबा मंदिर, गांधी चौक, किसान मोहल्ला, चारूवा रोड से महाराणा प्रताप चौराहा, स्टेट हाईवे, बाबा साहेब अंबेडकर प्रतिमा चौराहा से खिरकिया में बीआरसी कार्यालय के सामने स्थित कॉलोनी में पहुंचकर समाप्त हुई। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भारत माता की प्रतिमा पर माल्र्यापण एवं पूजन किया। इसके बाद भारत माता की आरती भक्तिभाव से की गई। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से लोगों को राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा झंडा हमारे भारत देश की एकता, अखंडवा और गौरव का प्रतीक है। श्री यादव ने कहा कि देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन तिरंगा यात्राओं में युवा और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर देश की आन-बान-शान का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने सभी से अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा फहाराने की अपील भी की। तिरंगा यात्रा में नगर एवं ग्रामीण अंचल के जनप्रतिनिधि, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में युवा, ग्रामीण तथा नागरिक उपस्थित थे।
