Wed. Oct 7th, 2026

हनुमान मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी, राम फेरी की घंटी भी ले गए चोर

हनुमान मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी, राम फेरी की घंटी भी ले गए चोर

चार साल पहले भी हो चुकी है चोरी, बार-बार घटनाओं से वार्डवासियों में आक्रोश; पुलिस ने शुरू की जांच

हरदा खिरकिया। नगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित हनुमान मंदिर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। चोर मंदिर में राम फेरी के लिए रखी हाथ घंटी भी अपने साथ ले गए। मंदिर में चोरी की जानकारी शनिवार सुबह उस समय लगी, जब वार्डवासी दर्शन के लिए पहुंचे।सुबह मंदिर पहुंचने पर लोगों ने देखा कि दान पेटी का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखी रकम गायब है। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में वार्डवासी मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। वार्डवासियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

चार साल पहले भी हो चुकी है चोरी

स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब चार साल पहले भी इसी हनुमान मंदिर की दान पेटी को निशाना बनाकर चोरी की वारदात हुई थी। इसके बावजूद मंदिर की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से एक बार फिर चोरी की घटना सामने आने पर लोगों में आक्रोश है।

मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

वार्डवासियों ने पुलिस प्रशासन से मंदिर में चोरी करने वाले अज्ञात आरोपी का जल्द पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र के धार्मिक स्थलों पर रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Post