हरदा छीपाबड़। आगामी होली पर्व के अवसर पर एसडीओपी रॉबर्ट गिरवाल एवं छीपाबड़ थाना प्रभारी संतोष चौहान ने निधि नगर सहित क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। दोनों अधिकारियों ने नागरिकों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और प्रेम के साथ होली का त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली रंगों का त्यौहार है, जिसे हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एसडीओपी रॉबर्ट गिरवाल ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, नशे में वाहन चलाने या विवाद की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी संतोष चौहान ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अनुरोध किया कि त्योहार की गरिमा बनाए रखें और सुरक्षित व जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से होली मनाएं। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है।
एसडीओपी रॉबर्ट गिरवाल एवं थाना प्रभारी संतोष चौहान ने दी होली की शुभकामनाएं, शांतिपूर्ण उत्सव की अपील
