Fri. May 15th, 2026

शहर कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष कोठारी का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं

खिरकिया/हरदा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष कोठारी का जन्मदिवस नगर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित नगर की आम जनता ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान पुष्पहार पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, हरदा विधायक रामकिशोर दोगने, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साई, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने आशुतोष कोठारी को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने आशुतोष कोठारी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में शहर कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने भी उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जन्मदिवस समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ता, समर्थक एवं नगरवासी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे एक उत्सव के रूप में मनाया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष कोठारी ने अपने उद्बोधन मे कहा कि आज मेरे जन्मदिवस के इस विशेष अवसर पर आप सभी ने जो स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद दिया है, उसके लिए मैं हृदय की गहराइयों से आप सभी का आभार व्यक्त करता हूँ। यह प्रेम और विश्वास मेरे लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं विशेष रूप से हमारे वरिष्ठ नेता अरुण यादव जी, विधायक रामकिशोर दोगने जी, जिला अध्यक्ष मोहन साई जी, एवं लक्ष्मीनारायण पवार जी सहित सभी वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त करता हूँ, जिनका मार्गदर्शन हमें हमेशा प्रेरित करता है। साथियों, कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता की आवाज रही है। हम सभी का दायित्व है कि हम आमजन की समस्याओं को समझें, उनके लिए संघर्ष करें और समाज के हर वर्ग तक न्याय एवं विकास पहुंचाएं। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं आपके विश्वास पर खरा उतरूं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाऊं।
यह जन्मदिवस मेरे लिए उत्सव से अधिक संकल्प का दिन है संकल्प सेवा का, समर्पण का और जनता के हक की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाने का। अंत में, मैं पुन आप सभी का आभार व्यक्त करता हूँ और आशा करता हूँ कि आपका सहयोग और आशीर्वाद आगे भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।

Related Post