हरदा। जिले के ग्राम बम्हनगांव में रविवार रात एक वयस्क भालू दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, ग्रीष्मकालीन मूंग फसल की रखवाली कर रहे किसानों ने शाम करीब 7 बजे खेतों के आसपास भालू को घूमते हुए देखा, जिसके बाद तत्काल वन विभाग की टीम को सूचना दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर तो पहुंची, लेकिन टीम के पास भालू को ट्रैक करने या सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने के लिए कोई आवश्यक संसाधन मौजूद नहीं थे। किसानों का कहना है कि टीम ने क्षेत्र में गंभीरता से तलाश भी नहीं की। बताया जा रहा है कि भालू बाद में ग्राम देवपूर के जंगल की ओर निकल गया, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार वह अभी भी आसपास के खेतों में घूम रहा है। इससे किसानों और ग्रामीणों में लगातार दहशत बनी हुई है। रात के समय खेतों की रखवाली करने वाले किसानों को सबसे अधिक खतरा बना हुआ है। ग्रामीण ओम चौहान ने बताया कि यदि समय रहते वन विभाग ने उचित कदम नहीं उठाए तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि तत्काल रेस्क्यू टीम, वाहन एवं आवश्यक उपकरणों के साथ क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि किसी प्रकार की जनहानि की स्थिति निर्मित न हो। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी अपील की है कि गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जाए तथा रात के समय खेतों में अकेले नहीं जाने की सलाह दी जाए।
ग्राम बम्हनगांव में वयस्क भालू की दस्तक, ग्रामीणों में दहशत खेतों में घूम रहा भालू, वन विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग
