हरदा। थाना कोतवाली पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की तत्परता से बुधवार देर रात एक बड़ी दुर्घटना टल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21 मई 2026 को विद्युत विभाग से सूचना मिली कि फाइल वार्ड के सामने स्थित डीपी के पास कचरे में अचानक आग लग गई है। आग की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल कंट्रोल रूम को फायर ब्रिगेड भेजने तथा विद्युत लाइन बंद कराने के लिए सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस बल एवं फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद रात्रि लगभग 2:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आगजनी की इस घटना में डीपी के पास खड़ी एक चार पहिया ठेला दुकान जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि समय रहते पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे सामने स्थित फाइल वार्ड की बस्ती तक आग फैलने से रोक लिया गया। यदि आग पर शीघ्र नियंत्रण नहीं पाया जाता तो क्षेत्र में बड़ी जनहानि एवं गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक आर.एल. भारती, सउनि कपिल अग्रवाल एवं फायर ब्रिगेड टीम की विशेष भूमिका रही।
थाना कोतवाली पुलिस की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना डीपी के पास लगी आग पर देर रात पाया काबू, बस्ती तक फैलने से रोकी आग
