हरदा । पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में थाना छीपाबड़ परिसर में आगामी ईद पर्व को लेकर शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, मुस्लिम समुदाय के प्रमुखों एवं मस्जिद कमेटी के सदस्यों के साथ त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में तहसीलदार लवीना घागरे, एसडीएम शिवांगी बघेल, एसडीओपी रॉबर्ट गिरवाल एवं थाना प्रभारी संतोष चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों से कहा कि ईद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
बैठक में मुस्लिम समुदाय के प्रमुख, मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष, शहर के गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण एवं अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम एवं कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई।
थाना प्रभारी संतोष चौहान ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक के अंत में सभी समाजजनों ने आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ ईद पर्व मनाने का संकल्प लिया।
