Wed. Jul 15th, 2026

पुलिस लाइन हरदा में “ब्राईटर माइंड कोर्स” का सफल समापन, बच्चों ने दिखाई अद्भुत प्रतिभा

हरदा। पुलिस अधीक्षक श्री शशांक सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस लाइन हरदा में आयोजित “ब्राईटर माइंड कोर्स” का सफल समापन समारोह संपन्न हुआ। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान पुलिस परिवार के 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में 70 बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
हार्टफुलनेस संस्था के सहयोग से 7 मई से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीन सत्र आयोजित किए गए। कोर्स का मुख्य उद्देश्य बच्चों की एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास एवं बौद्धिक क्षमता का विकास करना था। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को विभिन्न माइंड एक्सरसाइज कराई गईं, जिनके माध्यम से उन्होंने बिना देखे केवल स्पर्श एवं गंध के आधार पर वस्तुओं के रंग, आकार और अन्य विशेषताओं की पहचान करना सीखा। साथ ही बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर विभिन्न रंगों की पहचान कर उन्हें सही क्रम में व्यवस्थित करने जैसी गतिविधियों का सफल प्रदर्शन भी किया।
समापन समारोह में बच्चों ने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा ने उपस्थित अधिकारियों एवं अभिभावकों को प्रभावित किया। कार्यक्रम में बच्चों ने मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री शशांक सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर द्वारा किया गया। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक रजनी गुर्जर एवं महिला प्रधान आरक्षक श्वेता मानकर ने संभाली, जिन्होंने पूरे प्रशिक्षण काल में बच्चों को विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शशांक सिंह ने सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक सोच एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
समारोह में हार्टफुलनेस ध्यान केंद्र हरदा की ओर से रंजना पारुलकर, गोरख पारुलकर एवं हेमा बघेल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया।

Related Post