नामांकन निरस्त होने पर भड़की कांग्रेस, चुनाव आयोग की निकाली प्रतीकात्मक शवयात्रा
युवक कांग्रेस का आरोप – भाजपा के दबाव में काम कर रहा चुनाव आयोग, लोकतंत्र बचाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा
हरदा। मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने के विरोध में सोमवार को युवक कांग्रेस ने शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने घंटाघर से नारायण टॉकीज चौराहे तक चुनाव आयोग की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र की रक्षा की मांग उठाई।
विरोध मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। नारायण टॉकीज चौराहे पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग का प्रतीकात्मक दाह संस्कार किया तथा सभा आयोजित कर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
सभा को संबोधित करते हुए युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेश चौहान ने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन बिना किसी ठोस आधार के निरस्त किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था से निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने की अपेक्षा की जाती है, लेकिन उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
योगेश चौहान ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा नेताओं के दबाव में कार्य कर रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
इस दौरान विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और स्वतंत्र संस्थाओं पर निर्भर करती है। यदि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर लगातार प्रश्न उठ रहे हैं तो यह लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना सभी संस्थाओं की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साई, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार, नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी, हेमंत टाले, भूपेश पटेल, अहद खान, सुरेंद्र जैन, रविशंकर शर्मा, गोविंद व्यास, सुरेंद्र सराफ, संतु राजपूत, सूरज सिंह राजपूत, गौरीशंकर शर्मा, अनिल शर्मा, आशुतोष कोठारी, असलम खान, अमीर पटेल, राहुल जायसवाल, अजय राजपूत, विक्की अली, समद खान, रमेश सोनकर, सुनील गीते, संजय दशोरे, नीरज किरार, अतुल, रयान हुसैन, इमरान खान, हार्दिक जायसवाल, मुकेश यादव, प्रमोद केवट, कृष्णा विश्नोई, सुनील राजपूत, भूपेश बवाल, युवराज तोमर, पियूष राजपूत, अस्तित्व सोनी, आसिफ अली, अयाज खान, सिद्धू विश्नोई, सुहागमल विश्नोई, ब्रज विश्नोई, प्रवीण विश्नोई, पिंकू जायसवाल, सुमित तिवारी, भूरा ठाकुर एवं प्यारेलाल सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और युवक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
