खिरकिया। नगर परिषद खिरकिया के वार्ड क्रमांक 08 में दूषित पेयजल आपूर्ति और पर्याप्त पानी नहीं मिलने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। समाजसेवी किशोर राठौर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व खिरकिया को शिकायत सौंपकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि खंडेल जी के मकान से लेकर गौर साहब के मकान तक के क्षेत्र में पिछले लगभग 15 से 20 दिनों से नलों के माध्यम से गंदा और दूषित पानी आ रहा है। इसके साथ ही पानी की सप्लाई भी बेहद कम मात्रा में हो रही है, जिससे कई परिवारों को दैनिक उपयोग के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार नगर परिषद अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों को मौखिक रूप से दी जा चुकी है। साथ ही व्हाट्सएप के माध्यम से गंदे पानी के फोटो और वीडियो भी भेजे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की लापरवाही के कारण उन्हें मजबूरी में दूषित पानी का उपयोग करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो दूषित पानी के कारण जलजनित बीमारियां फैल सकती हैं और जनस्वास्थ्य पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
एसडीएम शिवांगी बघेल को दिए गए आवेदन में क्षेत्रवासियों ने पेयजल के नमूनों की तत्काल जांच कराने, दूषित जल आपूर्ति के कारणों का पता लगाकर समस्या का निराकरण करने, लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही जल प्रदाय की समस्या का स्थायी समाधान करने की भी मांग उठाई गई है।
