Wed. Jul 15th, 2026

जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 का समापन, जल संरक्षण का दिया संदेश

खिरकिया। शासन द्वारा संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान-2026” के अंतर्गत नगर परिषद खिरकिया में समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।
जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 से प्रारंभ हुए इस अभियान का 30 जून 2026 को समापन हुआ। अभियान का उद्देश्य प्रदेश में जल संकट की स्थिति को रोकना तथा जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्जीवन के माध्यम से भूजल स्तर को बढ़ाना था। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में स्थित जल स्रोतों के संरक्षण के लिए बावड़ियों, तालाबों और नलकूपों की साफ-सफाई, जीर्णोद्धार और गहरीकरण जैसे कार्य किए गए। इसके अलावा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए शासकीय कार्यालयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और रिचार्ज पिट का निर्माण भी कराया गया।
नगर परिषद वार्ड क्रमांक-02 के पंचवटी परिसर में आयोजित समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष इन्द्रजीत महेंद्रसिंह खुनजा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेंद्र कुमार शर्मा ने नगरवासियों से जल संरक्षण के लिए अपने भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और पर्यावरण संरक्षण के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इस अवसर पर बलवीर सिंह होरा, श्रीकृष्ण, अशोक उड़के, सुरेश सोलंकी, नितिन शुक्ला, सुनील राजपूत सहित नगर परिषद के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post