Wed. Jul 15th, 2026

संबंधित इंजीनियर की लापरवाही से बिना बेस बन गई सड़क? ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप, उच्च जांच की मांग

हरदा खिरकिया। ग्राम पंचायत भगवानपूरा में लाखों रुपए की लागत से निर्मित सड़क निर्माण कार्य अब सवालों के घेरे में आ गया है। ग्रामीणों ने संबंधित इंजीनियर की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि निर्माण कार्य के दौरान न तो तकनीकी निरीक्षण किया गया और न ही गुणवत्ता की जांच की गई। आरोप है कि इंजीनियर की निगरानी के बिना ही ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया।
ग्रामीण आनंद ने बताया कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया और बिना बेस डाले ही सड़क बना दी गई। उनका कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने से लेकर पूरा होने तक संबंधित इंजीनियर द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण नहीं किया गया, जबकि इस प्रकार के निर्माण कार्य में तकनीकी जांच और निगरानी आवश्यक होती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य का समय-समय पर निरीक्षण किया जाता तो गुणवत्ता में कमी सामने आ सकती थी और समय रहते सुधार भी किया जा सकता था। लेकिन इंजीनियर की कथित लापरवाही के कारण सड़क निर्माण में अनियमितताओं की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीण आनंद ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई अधिकारी जांच के लिए नहीं पहुंचा। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद सीईओ से संपर्क करने के लिए फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ और कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिला। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित इंजीनियर, निर्माण एजेंसी और कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही उच्च स्तरीय जांच टीम मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच करे और यदि अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी राशि से बनने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता जनता के साथ अन्याय है और इसकी जवाबदेही तय होना आवश्यक है।

Related Post