Wed. Jul 15th, 2026

तेज बहाव में फंसे तीन लोगों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला, प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा

हरदा। जिले में लगातार हो रही 24 घंटे की मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्राम धनवाड़ा में भारी बारिश के चलते नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे तीन लोग नदी के तेज बहाव में फंस गए। समय रहते प्रशासन और रेस्क्यू टीम की तत्परता से तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर थी। इसी दौरान तीन लोग नदी के बीच फंस गए और अपनी जान बचाने के लिए नदी के बीच स्थित एक आम के पेड़ पर चढ़कर बैठ गए। काफी देर तक वे मदद का इंतजार करते रहे, जिसके बाद मामले की सूचना प्रशासन को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम शिवांगी बघेल, एसडीओपी रॉबर्ट गिरवाल, थाना प्रभारी संतोष चौहान एवं तहसीलदार लवीना घागरे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।
रेस्क्यू अभियान में प्लाटून कमांडर रक्षा राजपूत, मेजर दीपक ठाकुर, महेंद्र सिंह, राजेश खुराना, तुलसीराम नागले एवं ड्राइवर मोदी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने तेज बहाव और कठिन परिस्थितियों के बावजूद साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर, प्रशासन अलर्ट मोड पर
जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

 

Related Post