खिरकिया। भारतीय जनता पार्टी मंडल खिरकिया ने अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत दिलाने की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी शिवांगी बघेल को ज्ञापन सौंपा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष संजय यादव के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया और तत्काल सर्वे कर राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 3 से 5 जुलाई 2026 के बीच हुई लगातार भारी बारिश से तहसील खिरकिया के अनेक गांवों में सोयाबीन सहित खरीफ फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई किसानों के खेतों में बीज बह गए, जलभराव के कारण फसलों का अंकुरण नष्ट हो गया तथा खेतों की उपजाऊ मिट्टी का भी कटाव हुआ है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। भाजपा नेताओं ने बताया कि अधिकांश किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी नहीं ले सके, क्योंकि प्राकृतिक आपदा बीमा की अंतिम तिथि से पहले ही आ गई थी। ऐसे में बड़ी संख्या में किसान मुआवजे और बीमा सहायता से वंचित रह गए हैं।
भाजपा ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित गांवों का राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम से तत्काल सर्वे कराया जाए, पात्र किसानों को नियमानुसार राहत राशि एवं मुआवजा प्रदान किया जाए तथा जिन किसानों का फसल बीमा नहीं हो सका है, उनके लिए शासन स्तर पर विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राजपूत, मंडल महामंत्री राजेश मीणा, मंडल उपाध्यक्ष उमेश गीते, सोशल मीडिया प्रभारी संजय मीणा, मंडल उपाध्यक्ष उत्तम तिवारी सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
