खरीदी लक्ष्य बढ़ाने, खाद वितरण व्यवस्था में सुधार, अतिवृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे एवं राहत राशि देने की उठाई मांग
हरदा खिरकिया। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शहर कांग्रेस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं के मार्गदर्शन एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष असलम पठान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी शिवांगी बघेल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुंग खरीदी की सीमा बढ़ाने, खाद वितरण व्यवस्था में सुधार, अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत एवं नगर में दूषित पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। ज्ञापन सौंपते समय जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि हरदा जिला एवं खिरकिया तहसील कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां किसान वर्षभर तीन फसलों का उत्पादन करते हैं। ग्रीष्मकालीन मुंग इस क्षेत्र की प्रमुख नकदी फसल है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों तक सरकार द्वारा किसानों की पूरी पात्र मुंग फसल का समर्थन मूल्य पर क्रय किया जाता रहा है, लेकिन इस वर्ष सरकार ने खरीदी का लक्ष्य मात्र 25 प्रतिशत निर्धारित कर किसानों के साथ अन्याय किया है। इससे हजारों किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने सरकार से मांग की कि मुंग खरीदी की सीमा को 5 क्विंटल प्रति एकड़ निर्धारित किया जाए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके और उन्हें अपनी उपज औने-पौने दामों में निजी व्यापारियों को बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने खाद वितरण व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान में लागू टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। उन्होंने मांग की कि टोकन व्यवस्था को तत्काल समाप्त कर सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को सरल एवं सुचारु रूप से खाद उपलब्ध कराई जाए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष असलम पठान ने कहा कि विगत सप्ताह हुई भीषण बारिश एवं अतिवृष्टि से खिरकिया क्षेत्र के किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में पानी भरने से फसलें पूरी तरह खराब हो गई हैं। उन्होंने मांग की कि प्रशासन तत्काल विशेष सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत राशि एवं फसल बीमा की राशि शीघ्र उपलब्ध कराए, ताकि किसान आर्थिक संकट से उबर सकें।
उन्होंने खिरकिया नगर में दूषित पेयजल आपूर्ति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर परिषद द्वारा जल प्रदाय व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए। लगातार बारिश के दौरान जिन नागरिकों के घरों में पानी भरने से नुकसान हुआ है, उनकी क्षति का सर्वे कराकर नगर परिषद उचित मुआवजा एवं सहायता प्रदान करे।
कांग्रेस नेता आशुतोष कोठारी ने कहा कि यदि किसानों एवं आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हरदा हेमंत टाले, दुर्गादास पाटिल, गोविंद सुरमा, मयाराम यादव, आशुतोष कोठारी, भूपेंद्र राजपूत, जितेंद्र राजपूत, देवेंद्र राजपूत, राजा केशरवानी, प्रद्युम्न कुशवाह, दीपक सोनी, राम विश्नोई, हार्दिक जायसवाल, राजेश जायसवाल, सुमित ओंकार, पूनम सेजकर, गणेश बघेल, प्रवीण पाटिल, रामविलास राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।
