हरदा टिमरनी। पुलिस ने घर में घुसकर चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपियों से चोरी की गई नकदी में से 15 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक श्री शंशाक सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित मिश्रा एवं एसडीओपी टिमरनी श्रीमती आकांक्षा तलया के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार पहला मामला 11 जनवरी 2026 का है, जब ग्राम गोगिया निवासी गौरा बाई बिल्लौरे ने अपने बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, चांदी का कंदोरा एवं चांदी की पायल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं दूसरा मामला 22 मई 2026 का है, जिसमें ग्राम छोटी छीपानेर निवासी सुनील केवट के घर से लोहे की पेटी में रखे 12 हजार रुपये चोरी हो गए थे। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर सेल की तकनीकी सहायता ली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 8 जुलाई को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध करताना से गाडरापुर की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम संजय चौहान (22) निवासी अमलाडा, अनुराग चौहान (27) निवासी गाडरापुर तथा अलीप सिंह (24) निवासी सिवनी मालवा बताए। तीनों ने ग्राम गोगिया एवं छोटी छीपानेर में हुई चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने प्रत्येक आरोपी से 5-5 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में एसडीओपी आकांक्षा तलया, थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक प्रकाश सोलंकी, उप निरीक्षक मनोज दुबे, सहायक उप निरीक्षक नानकराम कुशवाह तथा प्रधान आरक्षक योगेश पटेल की विशेष भूमिका रही।
