हरदा। कोतवाली हरदा पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का मात्र तीन दिनों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए चांदी के आभूषण, नगदी तथा वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल सहित करीब 1.20 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 की रात फरियादी कमलेश पिता गोपाल लूनिया (38) निवासी ग्राम भून्नास, हाल मंगल होम कॉलोनी हरदा अपने पुत्र के उपचार के लिए परिवार सहित इंदौर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की रिपोर्ट उनके भाई योगेश लूनिया ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 463/26 धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान फरियादी ने बताया कि चोरी गए सामान में दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी के कड़े और 20 हजार रुपये नगद शामिल थे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट जल्दबाजी और पूरी जानकारी के अभाव में दर्ज हुई थी, जिससे चोरी गए सामान के विवरण में त्रुटि रह गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने लगातार प्रयास करते हुए तीन दिन के भीतर मामले का खुलासा कर कल उर्फ जसविंदर पिता अर्जुन सिंह उर्फ ठाकुर सिकलीगर (24) निवासी शकूर कॉलोनी, हरदा तथा राहुल पिता सुल्तान सिंह खींची (23) निवासी बंगाली कॉलोनी, बज के नीचे, नर्मदापुरम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी के कड़े, 10 हजार रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-47-ZE-8394) बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रामभोग शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक भगवानदास यादव, आरक्षक प्रदीप मालवीय, आरक्षक नीलेश पटेल, आरक्षक वीरेंद्र राजपूत, आरक्षक रामनरेश तथा साइबर सेल की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
तीन दिन में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार कोतवाली हरदा पुलिस ने चोरी का माल, नगदी व वारदात में प्रयुक्त बाइक की बरामद
