निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने समिति प्रबंधक एवं सर्वेयर से उपार्जन केंद्रों पर पहुंची ट्रॉलियों की संख्या, किसानों की उपस्थिति तथा तुलाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिस दिन किसान की ट्रॉली केंद्र पर पहुंचे, उसी दिन उसकी तुलाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्थिति में नॉन-स्टैंडर्ड मूंग की खरीदी न की जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
सुश्री रजनी वर्मा ने वेयरहाउस समय पर खोलने, स्टैक लगाने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने देने, पर्याप्त संख्या में हम्माल उपलब्ध कराने तथा शासन की गाइडलाइन के अनुरूप बोरों में मूंग की तुलाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही समय पर बिल जनरेट करने और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने किसानों के लिए पेयजल तथा बरसात से बचाव के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपस्थित किसानों से चर्चा कर उपार्जन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली और उनकी समस्याएं सुनीं।
एसडीएम रजनी वर्मा ने कहा कि मूंग उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी, कर्मचारी अथवा जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
