हरदा। हरदा जिले के पत्रकारों की वर्षों पुरानी पत्रकार भवन की मांग को लेकर मंगलवार को जिले के विभिन्न पत्रकार साथियों ने जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे और नगर पालिका परिषद द्वारा 17 जुलाई 2026 को पारित उस प्रस्ताव को निरस्त कर पूर्व में पत्रकार भवन के लिए पारित संकल्प को पुनः बहाल करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका परिषद ने 23 सितंबर 2024 को सर्वसम्मति से वार्ड क्रमांक 22 स्थित वाचनालय भवन के स्थान पर तीन मंजिला भवन बनाकर एक फ्लोर पत्रकारों को आवंटित करने का प्रस्ताव पारित किया था। लेकिन लंबे समय तक इस प्रस्ताव पर अमल नहीं किया गया। इसके बाद 17 जुलाई 2026 को परिषद की बैठक में उक्त स्थान को 30 वर्षीय पट्टे पर देने का निर्णय ले लिया गया, जिससे पत्रकार समाज में गहरा असंतोष है।
पत्रकारों ने मांग की कि नगर पालिका परिषद के 17 जुलाई 2026 के निर्णय को निरस्त कर 23 सितंबर 2024 को पारित पत्रकार भवन संबंधी प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि जिले के पत्रकारों को लंबे समय से प्रतीक्षित पत्रकार भवन की सौगात मिल सके।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने पत्रकारों की बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि वे जल्द ही नगर पालिका प्रशासन के स विषय पर चर्चा करेंगे तथा पत्रकार हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान हरदा जिले के विभिन्न समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे। उन्होंने एकजुट होकर पत्रकार भवन की मांग को जल्द पूरा करने की अपील की।
