हरदा टिमरनी। पुलिस अधीक्षक हरदा श्री शंशाक के कुशल मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित मिश्रा तथा एसडीओपी टिमरनी श्रीमती आकांक्षा तलया के निर्देशन में थाना टिमरनी पुलिस ने घरों में घुसकर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी बरामद कर न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार पहली घटना 28 नवंबर 2025 को दर्ज हुई थी। फरियादी प्रवीण किरार निवासी जैन कॉलोनी, टिमरनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि परिवार सहित गांव जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सामान एवं कीमती वस्तुओं की चोरी कर ली। इस मामले में थाना टिमरनी में अपराध क्रमांक 584/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना 21 जनवरी 2026 को सामने आई, जिसमें संगीता छलोत्रे निवासी राधाकृष्णपुरम कॉलोनी, टिमरनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि इलाज के लिए बाहर जाने के दौरान उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवर एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 51/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और साइबर तकनीक से मिली सफलता
दोनों मामलों की विवेचना के दौरान थाना टिमरनी की विशेष टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। साइबर सेल हरदा की तकनीकी सहायता एवं मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर संदिग्धों पर लगातार निगरानी रखी गई।
31 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितेश इवने उर्फ घोटू (30 वर्ष) निवासी नई बस्ती, पिपल्या माफी, टिमरनी बताया तथा दोनों चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
जेवर और नकदी बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी बरामद की। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इन अधिकारियों की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा तलया, थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक रामविलास करपे, सहायक उप निरीक्षक महेश पासी, आरक्षक अर्जुन एवं आरक्षक अभिलेश की सराहनीय भूमिका रही।
टिमरनी पुलिस की बड़ी सफलता: घरों में चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर व नकदी बरामद
